बहराइच जिले के मुर्तिहा इलाके में प्रेम संबंध को लेकर चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शक के चलते एक अधेड़ व्यक्ति अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया। और पहले जहर पी लिया। फिर खुद को चाकू से घायल कर लिया। इस दौरान उसने महिला पर भी हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई एक अन्य महिला भी जख्मी हो गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बहराइच जिले के मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक प्रेम संबंध को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। यहां माधवपुर गांव के मजरा छोटका भिऊरा के रहने वाले 45 वर्षीय जयराम राजभर का इलाके की एक 28 वर्षीय विवाहित महिला के साथ पिछले करीब चार साल से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकात होती रहती थी।
प्रेमिका पर शक होने के कारण घर पहुंच कर पिया जहर खुद चाकू से किया कई वार
लेकिन पिछले कुछ समय से जयराम को शक होने लगा था कि महिला किसी और व्यक्ति से भी संपर्क में है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जयराम अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू और जहर लेकर सीधे महिला के घर पहुंच गया। उस समय अधिकतर लोग सो रहे थे। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। लेकिन थोड़ी ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर जयराम ने महिला के सामने ही जहर पी लिया। इसके बाद उसने चाकू निकालकर खुद पर कई वार कर लिए। यह देखकर घर के लोग और आसपास के ग्रामीण घबरा गए। इसी दौरान उसने गुस्से में महिला पर भी हमला कर दिया। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गई।
प्रेमी की हालत गंभीर मेडिकल कॉलेज रेफर जांच में जुटी पुलिस
शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। बीच-बचाव करने आई एक अन्य महिला भी इस दौरान घायल हो गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मिहींपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जयराम की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज भी जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


