कटनी-बिलासपुर रेल खंड पर शनिवार सुबह एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना कटनी के एनकेजे न्यू कटनी जंक्शन क्षेत्र के गायत्री नगर आउटर के पास हुई। कोयले से लदी मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण इस व्यस्त रेल मार्ग पर परिचालन बाधित हो गया। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से कटनी की ओर आ रही यह मालगाड़ी शनिवार सुबह लगभग 11 बजे गायत्री नगर आउटर के समीप बेपटरी हो गई। अचानक मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतरकर एक तरफ झुक गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। डीआरएम कार्यालय सहित संबंधित विभागों को सूचित किया गया। मौके पर रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरों की टीम, जीआरपी और आरपीएफ का बल पहुंचा। प्रारंभिक जांच के बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) को बुलाकर ट्रैक बहाली का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। मालगाड़ी के बेपटरी होने से कटनी-बिलासपुर रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। ट्रैक अवरुद्ध होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों को कई स्टेशनों पर रोका गया, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डिब्बों को पटरी पर लाने और ट्रैक की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है।


