डीडवाना-कुचामन में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती:अंतिम चयन सूची जारी, चयनितों को 9 मार्च को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया

डीडवाना-कुचामन में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती:अंतिम चयन सूची जारी, चयनितों को 9 मार्च को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया

डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी विज्ञप्तियों के आधार पर कॉन्स्टेबल सामान्य के 168 (2 खेल कोटा सहित) और कॉन्स्टेबल ड्राइवर के 9 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इसमें सफल रहे अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं मापतौल परीक्षा (PET/PST) 11 दिसंबर 2025 को अजमेर स्थित ग्रुप केंद्र-प्रथम, सीआरपीएफ गोल्फ कोर्स रोड पर संपन्न हुई। चयन बोर्ड ने कॉन्स्टेबल सामान्य के 164 और कॉन्स्टेबल ड्राइवर के 9 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक चयन सूची में शामिल किया था, जिसे उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, राजस्थान जयपुर ने अनुमोदित किया था। कुछ चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति के प्रति अनिच्छुक रहने या अन्यत्र नियोजित होने के कारण रिक्त पदों को भरने के लिए 26 फरवरी 2026 को रिव्यू बोर्ड की बैठक हुई। इस कार्रवाई को भी उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने 5 मार्च 2026 को अनुमोदन दे दिया है। चयन बोर्ड द्वारा तैयार की गई अंतिम चयन सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है। यह सूची पुलिस अधीक्षक कार्यालय डीडवाना-कुचामन और रिजर्व पुलिस लाइन डीडवाना-कुचामन के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा की गई है।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में, चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और चरित्र सत्यापन के लिए 9 मार्च 2026 को सुबह 7 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मेला मैदान, नागौर रोड, डीडवाना में उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्वप्रमाणित दो-दो प्रतियां भी साथ लानी होंगी। आवश्यक दस्तावेजों में सीईटी 2024 सीनियर सेकेंडरी लेवल का प्रमाण-पत्र, भर्ती आवेदन की प्रति, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति व मूल निवास प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र और फोटो पहचान पत्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को 10 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और आवश्यक शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति के प्रति अनिच्छुक मानते हुए नियमानुसार चयन सूची से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया गया है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य परीक्षण पूरा होने तक रुकने-ठहरने की व्यवस्था अपने स्तर पर करनी होगी। पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि खेल कोटा से संबंधित पदों की संख्या माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर में विचाराधीन एसबी सिविल रिट याचिका संख्या 19507/2025 के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *