सीहोर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर दो दिनों तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय पीड़िता जिला मुख्यालय के हॉस्टल में रहकर कक्षा 8वीं की पढ़ाई कर रही है। घटना 28 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। पीड़िता ने बताया कि उसकी ही समाज का सुनील नाम का युवक उसके पास आया और झूठ बोला कि उसके दिलीप चाचा बस स्टैंड पर खड़े हैं। मारपीट कर कमरे में बंद रखा
छात्रा युवक की बातों में आकर उसके साथ चली गई। आरोपी उसे बस स्टैंड ले जाने के बजाय सीहोर की एक कॉलोनी स्थित कमरे में ले गया। जब छात्रा ने विरोध किया और वहां ले जाने का कारण पूछा, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया। छात्रा के अनुसार, आरोपी सुनील ने उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा और इस दौरान कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर
करीब दो दिन बाद, सुबह लगभग 11 बजे आरोपी ने पीड़िता को गांव ले जाकर छोड़ दिया। वहां से छात्रा ने एक राहगीर के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता तत्काल मौके पर पहुंचे और बेटी को घर ले गए। घर पहुंचकर पीड़िता ने माता-पिता और चाचा को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। थाना कोतवाली टीआई रविंद्र यादव ने बताया कि बालिका की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।


