शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पॉपुलर के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बाजपुर निवासी रामसनेही के 21 वर्षीय पुत्र गोपाल उर्फ शेखू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गोपाल बुधवार शाम करीब सात बजे गांव में ही एक परिचित के यहां गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह गांव का एक व्यक्ति खेत की ओर गया, तो उसने गांव के पूर्व फकीरे के खेत में लगे पॉपुलर के पेड़ से रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका देखा। उसने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान गोपाल उर्फ शेखू के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया गया है कि युवक का शव पॉपुलर के पेड़ से लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे हत्या की आशंका और बढ़ गई। मृतक की मां सुबोधा देवी ने अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि गोपाल की हत्या करने के बाद उसके शव को पेड़ से लटकाया गया है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।


