अनूपपुर जिले में बुधवार को होली का पर्व बेहद हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सोमवार को होलिका दहन के बाद से ही जो उत्साह शुरू हुआ था, वह बुधवार को धुरेड़ी के दिन अपने चरम पर पहुंच गया। सुबह से ही शहर की गलियों और गांवों के चौपालों पर रंगों की बौछार शुरू हो गई, जिसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी सराबोर नजर आए। बहरूपिया नृत्य और फाग गीतों ने बांधा समां उत्सव के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक बहरूपिया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। डफली की थाप और टिमकी की मधुर धुनों के बीच लोग जमकर थिरके। वहीं, जगह-जगह आयोजित होली मिलन कार्यक्रमों में बुंदेली और बघेली फाग गीतों की गूंज सुनाई दी, जिसने माहौल को पूरी तरह लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। कलेक्टर निवास पहुंचा प्रशासनिक अमला होली के इस अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली के निवास पर भी विशेष होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। यहां जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहुंचकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और त्यौहार की बधाई दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आपसी सौहार्द के साथ रंगों के इस पर्व का आनंद लिया। सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान के निर्देशन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिले के 10 थानों और 3 चौकियों के बल के साथ-साथ मंडला से बुलाए गए SAF के 100 से अधिक जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाली। हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर शहरी सीमा में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रखा गया था। मुख्य चौराहों पर बैरिकेड्स लगाकर चेकिंग की गई। पुलिस के मोबाइल वाहन लगातार गश्त करते रहे ताकि हुड़दंगियों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगाम कसी जा सके। प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से पूरा त्यौहार जिले भर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। देखें तस्वीरें…


