राजस्थान: होलिका दहन से लौट रहे ग्रामीणों पर हमला, एक की मौत

राजस्थान: होलिका दहन से लौट रहे ग्रामीणों पर हमला, एक की मौत

बालोतरा। बालोतरा जिले के पाटोदी क्षेत्र स्थित एकड़ली (मोहनपुरा) गांव में होलिका दहन से लौट रहे ग्रामीणों पर घात लगाकर किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

मामले में रामचन्द्र पुत्र भंवराराम भील ने पुलिस थाना मंडली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 2 मार्च की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई सूरज, धन्नाराम, हेमाराम, भागीरथ, मोहनराम, अणदाराम और राणाराम के साथ ढलाराम के खेत में होलिका दहन के बाद घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में भैराराम के खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि सूरज पर कुल्हाड़ी से सिर पर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य लोगों पर भी लाठियों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। बीच-बचाव के बाद घायलों को शैतानाराम की गाड़ी से जिला राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

परिवादी ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के विरोध में ग्रामीण जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *