एसपी का एक्शन, प्रधान आरक्षक और आरक्षक निलंबित

एसपी का एक्शन, प्रधान आरक्षक और आरक्षक निलंबित

mp news: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले की अस्तौन चौकी में रुपए लेने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने प्रधान आरक्षक के साथ ही एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस को किसी प्रकार की शिकायत नहीं की गई है। साथ ही यह वीडियो दो माह पुराना बताया जा रहा है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जो कि अस्तौन चौकी का था।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

वायरल वीडियो में प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कुमार अहिरवार और आरक्षक रतिराम अहिरवार साथ बैठे दिखाई दे रहे थे और सामने दो अन्य लोग थे। इनमें से एक युवक से प्रधान आरक्षक भूपेंद्र ने कुछ रुपए लिए। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पहले युवक रुपए गिनता है और जब प्रधान आरक्षक को देने आगे बढ़ता है तो वह उसे टोकते हैं और उसकी शर्ट की जेब में रखे मोबाइल को निकाल कर रुपए देने कहते हैं। इस पर युवक अपनी जेब से मोबाइल निकाल कर अपने सहयोगी को देता है और फिर प्रधान आरक्षक रुपए लेकर उसे काम करने का आश्वासन देकर अंदर चले जाते हैं।

लेन-देन का कारण स्पष्ट नहीं

सूत्र बताते हैं कि यह रुपए पहाड़ी के एक युवक से लिए गए थे। मारपीट के मामले में उसकी जमानत भरने के एवज में रुपए मांगे गए थे। हालांकि यह किस चीज का लेन-देन है यह साफ नहीं हो सका है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रधान आरक्षक भूपेंद्र सिंह के साथ ही आरक्षक को निलंबित कर दिया है। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि दोनों को निलंबित कर इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उनका कहना था कि यह वीडियो दो माह पुराना बताया जा रहा है और अब तक किसी प्रकार की शिकायत भी सामने नहीं आई है। वीडियो सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *