कोडीन सिरप मामले में दो भाइयों की प्रॉपर्टी होगी जब्त:सहारनपुर में 22 करोड़ की संपत्ति जब्ती के लिए अफेमा कोर्ट के आदेश का इंतजार

कोडीन सिरप मामले में दो भाइयों की प्रॉपर्टी होगी जब्त:सहारनपुर में 22 करोड़ की संपत्ति जब्ती के लिए अफेमा कोर्ट के आदेश का इंतजार

सहारनपुर में कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में गिरफ्तार दो सगे भाइयों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जांच एजेंसियों ने करीब 22 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां चिन्हित की हैं। इन्हें जब्त करने के लिए सक्षम प्राधिकरण (सफेमा कोर्ट) से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम कार्रवाई करेगी। नवंबर 2025 में लखनऊ एसटीएफ ने सहारनपुर निवासी अभिषेक शर्मा और शुभम को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उनकी संपत्तियों का ब्योरा खंगाला गया। एसआईटी की जांच में कुल 64 संपत्तियां चिन्हित की गई हैं। इनमें 5 मकान, बीएन फार्मास्युटिकल प्राइवेट लिमिटेड समेत 3 प्रतिष्ठान, 7 प्लॉट और 8 कारें शामिल हैं। 8 कारों में 3 लग्जरी वाहन भी बताए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 22 करोड़ रुपए आंकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने कथित रूप से अवैध कारोबार से अर्जित धन से संपत्तियां खरीदीं। वित्तीय लेन-देन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संपत्तियों के स्वामित्व, निवेश स्रोत और बैंकिंग लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकरण को भेजी गई है। इस मामले की जांच पहले से चल रही बड़ी कार्रवाई से जुड़ी है। नवंबर 2025 में ही लखनऊ एसटीएफ ने थाना सदर बाजार क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी विभोर राणा, उनके भाई विशाल सिंह, बिट्टू और सचिन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में करीब 200 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित करने की बात सामने आई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विभोर राणा और विशाल सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की वित्तीय कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। संपत्ति जब्ती की कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। फिलहाल सक्षम प्राधिकरण से अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलते ही चिन्हित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *