बदायूं में सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों संभल के निवासी थे। रिश्तेदारी से गमी की होली की परंपरा निभाकर लौट रहे थे। करनपुर गांव के पास हुआ हादसा दुर्घटना उघैती थाना क्षेत्र में इस्लामनगर रोड पर करनपुर गांव के पास हुई। संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र निवासी गेंदन लाल (42) और उनके पुत्र शेर सिंह (19) रिश्तेदारी में बताशे देकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में पिता-पुत्र को मृत घोषित किया हादसे में संभल के धनारी थाना क्षेत्र के गांव मुरैना निवासी जाबिर और उघैती क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी रफी मोहम्मद भी घायल हुए। पुलिस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने गेंदन लाल और शेर सिंह को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


