अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:बुलंदशहर के नौरंगाबाद के पास हुई घटना, एक अन्य घायल

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:बुलंदशहर के नौरंगाबाद के पास हुई घटना, एक अन्य घायल

बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में मेरठ-बदायूं मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। यह घटना 2 मार्च को रात करीब 8 बजे नौरंगाबाद गांव के पास हुई। मृतक की पहचान हरीश (28 वर्ष) पुत्र संतोष निवासी चोढेरा, थाना नरौरा के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति सोनू (30 वर्ष) पुत्र महमूद शर्मा निवासी बेलौन, थाना नरौरा है। दोनों होली का पर्व मनाने के लिए फरीदाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, नौरंगाबाद गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल अहमदगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। अहमदगढ़ थाना पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सीएससी शिकारपुर भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने हरीश को मृत घोषित कर दिया। हरीश की मौत की खबर सुनते ही उसके परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *