संभल में बड़े भाई को गोली मारी:छोटे भाई ने दो बेटों संग मिलकर वारदात को दिया अंजाम, मां की पेंशन के लिए था विवाद

संभल में बड़े भाई को गोली मारी:छोटे भाई ने दो बेटों संग मिलकर वारदात को दिया अंजाम, मां की पेंशन के लिए था विवाद

संभल में मां की पेंशन को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सोमवार दोपहर ऐंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के राजी खेड़ा गांव में हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक संजीव कुमार (56) पुत्र वेद प्रकाश त्यागी और उसके छोटे भाई ब्रजकिशोर त्यागी के बीच मां की पेंशन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक रिश्तेदार की पहल पर हाल ही में एक पंचायत भी हुई थी, जिसमें मां ने हत्यारे बेटे ब्रजकिशोर को पेंशन देने और साथ रहने से इनकार कर दिया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे संजीव कुमार अपनी खाली पड़ी जमीन से पशु को घर ले जाने के लिए आए थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई ब्रजकिशोर त्यागी अपने बेटों अर्पित और अपूर्व के साथ वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। जब संजीव ने इसका विरोध किया, तो ब्रजकिशोर ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से संजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। संजीव त्यागी की हत्या की सूचना उसके भाई नवीन कुमार को दी गई, जो अमरोहा के हसनपुर में रह रहे हैं। घटना की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर ब्रजकिशोर, उसके बेटों अर्पित और अपूर्व, और पत्नी सपना के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। नवीन त्यागी ने बताया कि उनके पिता वेद प्रकाश अध्यापक थे और वर्ष 2006 में उनकी मृत्यु हो चुकी है। उनकी मां ओमवती देवी की पेंशन आता है इसी पेंशन को लेकर के विवाद काफी लंबे समय से चला आ रहा है। कल रविवार को हमारे एक रिश्तेदार रणधीर सिंह की रिश्तेदारी में पंचायत हुई थी। हमारी मां ने भाई ब्रजकिशोर के साथ रहने और पेंशन देने से मना कर दिया था, लेकिन मैं फिर भी कहा कि जितने तुझे रुपए चाहिए मैं दे दूंगा। इन लोगों ने धमकी दी थी कि अब हम रुपए तुम लोगों को मार के ही लेंगे और आज ही घटना हो गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *