Holi : जयपुर में होली के त्योहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहरवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। डीसीपी (ट्रैफिक) सुमित मेहरड़ा ने बताया कि 2 मार्च को शहर में विभिन्न स्थानों पर परंपरागत रूप से होलिका दहन किया जाएगा, जिससे मुख्य मार्गों और बाजारों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होलिका दहन मुख्य सड़कों से दूर स्थानों पर करें, ताकि यातायात बाधित न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, केरोसिन की दुकान, होटल, ढाबे, चाय की थड़ी, आरा मशीन, लकड़ी के गोदाम तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर ही होलिका दहन किया जाए।
वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। होलिका दहन स्थलों के पास वाहन खड़े नहीं करें और शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। आवश्यक होने पर ड्राइवर साथ रखें या टैक्सी का उपयोग करें।
शराब पीकर गाड़ी चलाई तां सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को भी लिखा जाएगा।
यातायात पुलिस हेल्पलाइन जारी
किसी भी यातायात दुर्घटना या आपात स्थिति में यातायात पुलिस हेल्पलाइन 1095, 0141-2577717, व्हाट्सएप नंबर 8764866972, यातायात नियंत्रण कक्ष 0141-2565630, 0141-2561256 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 100 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।


