गोकुलधाम सोसायटी में महिलाओं ने पूरे उल्लास से मनाया फाग
फाल्गुन का महीना शुरू होते ही शहर में हर तरफ रंग और उमंग का माहौल नजर आने लगा है। कॉलोनियों और मंदिरों में फागोत्सव की धूम मची है। इसी कड़ी में गोकुलधाम सोसायटी स्थित सर्वेश्वर धाम मंदिर में महिलाओं की ओर से फागोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें मातृशक्ति ने भारी उत्साह और धूमधाम के साथ हिस्सा लिया।
भक्ति गीतों और चंग की थाप पर थिरके कदम
सर्वेश्वर धाम मंदिर परिसर में आयोजित इस फागोत्सव में महिलाओं ने फाल्गुन के पारंपरिक गीत और भगवान कृष्ण के भजनों पर जमकर नृत्य किया। ढोलक और मंजीरे की थाप के बीच जब महिलाओं ने फाग के गीत गाए, तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और फाल्गुन के इस पावन पर्व की बधाइयां दीं।
मातृशक्ति की रही विशेष भागीदारी
इस रंगारंग आयोजन में सोसायटी की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शारदा सारस्वत, मीनाक्षी सारस्वत, सुमित्रा पारीक, लक्ष्मी कोठारी, लक्ष्मी व्यास, प्रीति लाठी, योग्यता पालीवाल, आकांक्षा सारस्वत, अविका सारस्वत, रेखा खमीसरा, आशिता रांका, मीनू पारीक और गुलशन बाफना सहित कई अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।


