mp news: मध्यप्रदेश के छतरपुर के बकस्वाहा के सांदीपनी स्कूल के बाथरूम में सीसीटीवी कैमरा लगवाने वाले शिक्षक राजेन्द्र कुमार ताम्रकार पर शिक्षा विभाग मेहरबान हो गया है। शिक्षा विभाग ने शिक्षक राजेन्द्र कुमार को जिला मुख्यालय के पास हायर सेकेंडरी स्कूल ढड़ारी का प्राचार्य बना दिया है। जबकि बकस्वाहा में स्कूल के बाथरूम में सीसीटीवी कैमरा लगाने का मामला तूल पकड़ने के बाद कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शिक्षक राजेन्द्र कुमार को निलंबित किया था।
कलेक्टर ने किया था निलंबित
जुलाई 2025 में बकस्वाहा के शासकीय सांदीपनी सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें स्कूल के छात्रों के शौचालय में सीसीटीवी कैमरा लगा दिखाई दिया। जैसे ही यह मामला कमिश्नर अनिल सुचारी तक पहुंचा, उन्होंने फौरन छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल को जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बकस्वाहा तहसीलदार भरत पांडे को अमले के साथ घटनास्थल पर भेजा। जांच में बाथरूम के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा मिला। इसके बाद सीसीटीवी लगवाने वाले शिक्षक राजेन्द्र कुमार ताम्रकार को सस्पेंड किया गया था।
7 महीने बाद शिक्षा विभाग मेहरबान
अब शिक्षा विभाग ने सात महीने बाद शिक्षक राजेन्द्र कुमार ताम्रकार को हायर सेकेंडरी स्कूल ढड़ारी का प्राचार्य बना दिया है। इस फैसले के बाद शिक्षा विभाग की मंशा पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल इसलिए है क्योंकि प्रिंसिपल राजेन्द्र कुमार पर न केवल नियमों की अनदेखी का आरोप था, बल्कि उनकी मंशा पर भी सवाल उठे थे। शौचालय जैसे निजी स्थान में कैमरा लगाना न केवल गोपनीयता का उल्लंघन माना जाता है, बल्कि यह बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा होता है।


