शाजापुर में होली और रमजान के त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार शाम करीब 5 बजे शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर फव्वारा क्षेत्र, नई सड़क, आजाद चौक, छोटा चौक, सोमवारिया बाजार और मगरिया होते हुए पुनः पुलिस लाइन पर समाप्त हुआ। इस दौरान एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एएसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा और टीआई ने पुलिस बल का नेतृत्व किया। 250 पुलिसकर्मी हुए शामिल फ्लैग मार्च में लगभग 250 पुलिसकर्मी शामिल हुए। उन्होंने प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।


