कैथल के कस्बा राजौंद में अज्ञात व्यक्ति ने एक किसान के खेत में रखे पराली के गट्ठों में आग लगा दी। इस घटना में करीब 5.5 हजार क्विंटल पराली जल गई, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए है। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने राजौंद थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बीर बांगड़ा रोड पर खेत वार्ड नंबर 6 राजौन्द निवासी रोमी राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी और फसल अवशेष प्रबन्धन का काम करता है। कल रात को वह अपने घर में था। देर रात को उसके भतीजे राहुल ने बताया कि चाचा बीर बांगड़ा रोड पर अपने खेत में पराली गांठों के स्टॉक में आग लगी हुई है। उसने अपने परिवार को साथ लेकर फायर ब्रिगेड व 112 व JCB को फोन किया और ये सभी मौके पर आ गए। 3 घंटों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया फिर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने 3 घंटों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। तब तक 5 से 5.5 हजार क्विंटल पराली जल चुकी थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि यह शरारत किसी व्यक्ति द्वारा की गई है। उसके शरारती तत्व के खिलाफ ठोस कार्यवाही की जाए व नुकसान की भरपाई करवाई जाए। उसे लगभग 16 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। राजौंद थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


