प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्षीय बच्ची को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाकर देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी कांग्रेस आईएनसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस) थी, लेकिन आज आईएनसी नहीं बची है। अब वह आईएनसी की जगह एमएमसी यानी ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’ बन गई है। प्रधानमंत्री के इस बयान के दौरान सभागार में मौजूद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने साउंड म्यूट करा दिया। कुछ देर बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दोबारा साउंड ऑन कराया। इसके बाद डॉ. अंसारी नाराज होकर कार्यक्रम से बाहर चले गए। बाहर आकर डॉ. इरफान अंसारी ने मीडिया से कहा कि हर मंच को राजनीतिक नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार इस तरह की बयानबाजी करेगी तो राज्य सरकार केंद्र से नि:शुल्क एचपीवी टीका नहीं लेगी। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार अपने संसाधनों से टीका खरीदकर बच्चियों को उपलब्ध कराएगी। वहीं, संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण बीच में म्यूट कराना उचित नहीं था। उन्होंने इसे मर्यादा और संस्कार से जुड़ा बताया। कहा कि जनता के लिए बड़ा उपहार है। सभी को इसका स्वागत करना चाहिए। इरफान ने पहले कहा था-बेटियों की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम इस घटना से पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा था कि यह पहल बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। वैक्सीन को राज्य में शुरू करने के लिए सरकार लंबे समय से प्रयास कर रही थी। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में एचपीवी टीके की एक खुराक की कीमत लगभग 4,000 रुपए है, जबकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में यह टीका नि:शुल्क दिया जाएगा। राज्य में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी, लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं हुआ, ऐसी बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा। मार्च-अप्रैल 2026 से तीन महीने तक अभियान चलाया जाएगा। झारखंड में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत के साथ ही झारखंड में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। रांची के सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में 14 वर्ष 3 माह की सलोनी कुमारी को एचपीवी का टीका लगाया गया। इस मौके पर सिविल सर्जन रांची, राज्य स्तरीय अधिकारी और चिकित्सा कर्मी उपस्थित थे।


