MPPSC: आज 16 केंद्रों पर होगी राज्य पात्रता परीक्षा

भास्कर संवाददाता| खरगोन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (एसईटी)-2025 रविवार 1 मार्च को जिला मुख्यालय के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक एक साथ होगी, जिसमें जिले के कुल 5519 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां की हैं। सेवानिवृत्त आईएएस कृष्णमोहन गौतम को संभागीय पर्यवेक्षक तथा डिप्टी कलेक्टर लोकेश छापरे को परीक्षा प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के लिए शहर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में 16 केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की हैं। प्रवेश पत्र की अनिवार्य जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से पांच मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसलिए परीक्षार्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा से पूर्व वीक्षकों की ब्रीफिंग अनिवार्य रखी गई है। यदि किसी वीक्षक का रिश्तेदार उसी केंद्र पर परीक्षा दे रहा होगा तो उसे वीक्षण कार्य से अलग रखा जाएगा। परीक्षा केंद्र पर चप्पल या सैंडल पहनकर ही पहुंचे परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, बेल्ट, पर्स, जूते-मोजे एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *