नारनौल में गढ़ी महासर मंदिर की धर्मशाला से चोरी:हजारों रुपए का सामान चुराकर ले गए चोर, पहले भी हो चुकी है कई बार चोरी

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला के अटेली कस्बा के पास गांव गढ़ी में स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध माता महासर के मंदिर में चोरों ने हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। इस बारे में नारनौल निवासी व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गढ़ी में महासर माता के प्रसिद्ध कुलदेवी मंदिर परिसर में बनी लक्ष्मण दल नारनौल की धर्मशाला में चोरी का मामला सामने आया है। घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। नारनौल शहर के मौहल्ला सिलाखाना निवासी राकेश कुमार अग्रवाल ने इस बारे में पुलिस को दी शिकायत दी है। पूर्वजों ने बनाई है धर्मशाला शिकायत में बताया कि उनके पूर्वजों द्वारा गढ़ी महासर में लक्ष्मण दल नारनौल के नाम से धर्मशाला का निर्माण कराया गया था, जिसकी देखरेख वे स्वयं करते हैं। यहां प्रत्येक माह विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है तथा नवरात्रों में दस दिनों तक श्रद्धालुओं की सेवा की जाती है। कमरे के ताले टूटे मिले उन्होंने बताया कि बीते कल जब वे भंडारे की तैयारी के लिए धर्मशाला पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर रखे फ्रिज, कूलर, गैस सिलेंडर, पंखे और बर्तन सहित अन्य सामान चोरी पाया गया। अंदेशा है कि चोरों ने रात के समय वारदात को अंजाम दिया। पहले भी हो चुकी चोरी वहीं मंदिर में इससे पहले भी छतर समेत अनेक सामान की दो बार चोरियां हो चुकी हैं। अब शिकायत मिलने पर थाना अटेली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई बाबूलाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *