सीतापुर के सकरन थाना इलाके में शनिवार शाम करीब 5 बजे कच्ची शराब बनाने की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। थाना क्षेत्र के बेलवा बसाहिया गांव में दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पीड़िता रंजना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में मिथलेश के घर पर लंबे समय से अवैध कच्ची शराब बनाने का कारोबार चल रहा है। शराब पीने के लिए आने वाले लोग आए दिन गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे। इसका विरोध करने और शिकायत करने से आरोपी नाराज हो गए। आरोप है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे मिथलेश, जितेंद्र, विकास और उनके घर की महिलाओं ने मिलकर रंजना व उसके परिजनों विपिन और बंटू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में रंजना सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में आए लोग आए दिन गाली-गलौज करते हैं और मना करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सांडा भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अवैध शराब के आरोपों की भी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


