बहराइच जिले के खैरीघाट इलाके के मटेरा कला गांव में खेत में पड़े एक पटाखे को दागते समय तीन मासूम बच्चे झुलस गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यह घटना गांव में आई एक बारात के दौरान जलाए गए पटाखों से संबंधित है। मटेरा कला गांव निवासी मैकूलाल ने बताया कि बारात के बाद एक बिना फटा गोला पास के खेत में पड़ा रह गया था। एक ही परिवार के तीन सगे भाई सोनू, सुशील और नितिन खेलते हुए वहां पहुंच गए। उन्होंने उस पटाखे को दागने का प्रयास किया, जिससे वे उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। बच्चों की चीख सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोगों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। तीनों घायल बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


