Western Disturbance : होली की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन मध्य प्रदेश का मौसम फिर से करवट ले रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलों की संभावना बढ़ गई है। फरवरी महीने में ये चौथी बार है, जब मौसम ने अचानक करवट ली है। ग्वालियर-चंबल संभाग समेत कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। इससे गेहूं जैसी फसलों को नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का दौर चला। वहीं, दूसरी तरफ खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, यहां तापमान 34 डिग्री के पार दर्ज किया गया। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30-34 डिग्री के बीच ही रिकॉर्ड हुआ, जो फरवरी के दिनों के हिसाब से असामान्य है।
शुरुआती मार्च में नए सिस्टम की संभावना
अब मौसम साफ होने का अनुमान है, लेकिन होली से ठीक पहले शुरुआती मार्च में एक नया सिस्टम एक्टिव होने की संभावना है, जिससे फिर बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। किसानों के लिए ये चिंता की बात है, क्योंकि बेमौसम बारिश और ओलों से रबी फसलें प्रभावित हुई हैं। राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में दिन में गर्मी और शाम को हल्की ठंडक का मिश्रित अनुभव हो रहा है।


