MP News: छतरपुर जिले के नौगांव में प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित हो रही एक गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक घर में छापा मारा, जहाँ भारी मात्रा में मशीनरी और चाचाजी व आशा मास्टर जी ब्रांड के नाम से तैयार गुटखा बरामद किया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन को गुप्त सूचना मिली थी कि नौगांव के एक रिहायशी इलाके में अवैध गुटखा निर्माण का काम चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नौगांव टीआई बाल्मीक चौबे और उनकी पुलिस टीम के साथ मिलकर नयागांव निवासी अरुण रिछारिया के घर पर दबिश दी गई। कार्रवाई इतनी अचानक थी कि फैक्ट्री चलाने वालों को संभलने का मौका नहीं मिला, हालांकि छापे के दौरान मौके पर कोई मौजूद नहीं मिला।

11 बोरी तैयार गुटखा पाउच जब्त
घर के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। वहां बड़े पैमाने पर गुटखा बनाने की मशीनें और कच्चा माल बिखरा पड़ा था। टीम ने मौके से कुल 11 बोरी तैयार गुटखा जब्त किया है। इन पाउचों पर चाचाजी और आशा मास्टर जी जैसे नाम छपे हुए थे। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरी मशीनरी व तैयार माल को नौगांव थाने में रखवा दिया है।
राकेश गुप्ता के तार जुड़े होने का शक, लैब भेजे जाएंगे सैंपल
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के पीछे राकेश गुप्ता नाम के व्यक्ति का हाथ होने की आशंका है, जो पिछले कई वर्षों से चोरी-छिपे इस फैक्ट्री को संचालित कर रहा था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
जब्त किए गए गुटखे के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। लेबोरेटरी रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- वंदना जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी (MP News)


