250 करोड़ के सेंट टेरेसा जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:धार में पत्नी के साथ फरार था सुधीर जैन, 30 से ज्यादा आरोपी, चार साल से फरार चल रहा था

250 करोड़ के सेंट टेरेसा जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:धार में पत्नी के साथ फरार था सुधीर जैन, 30 से ज्यादा आरोपी, चार साल से फरार चल रहा था

धार जिले के 250 करोड़ रुपये के सेंट टेरेसा जमीन घोटाले के मुख्य मास्टरमाइंड सुधीर जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। नौगांव थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने उसे इंदौर से पकड़ा। जैन पिछले चार साल से फरार था। यह पूरा मामला वर्ष 2022 में नौगांव थाने में दर्ज किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि सर्वे नंबर 770 की 0.493 हेक्टेयर शासकीय भूमि, जो ईसाई मिशनरी ट्रस्ट को महिला अस्पताल चलाने के लिए दी गई थी, उसके फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद जमीन का अवैध नामांतरण, लीज और विक्रय कर दिया गया। भू-माफियाओं ने सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी करके इस जमीन को करोड़ों रुपये में बेच दिया। इस पूरे षड्यंत्र में सुधीर जैन की भूमिका मुख्य मास्टरमाइंड के तौर पर सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में 30 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें धार के कई प्रतिष्ठित व्यक्ति भी शामिल हैं और उनकी गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। दस हजार रुपए का इनाम घोषित था मामला दर्ज होने के बाद से सुधीर जैन और उसकी पत्नी सपना जैन फरार चल रहे थे। पुलिस ने सुधीर जैन के निवास और संपत्तियों को सील कर दिया था, साथ ही उसकी सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री पर भी रोक लगा दी गई थी। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सुधीर जैन इंदौर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सुधीर पिता शांतिलाल जैन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से दस्तावेजों, आर्थिक लेन-देन और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। 250 करोड़ रुपये के इस बड़े जमीन घोटाले के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी से पूरे जिले में यह मामला फिर से चर्चा का विषय बन गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *