चंदौली में तेल चोरी रैकेट का भंडाफोड़:पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर 1000 लीटर तेल बरामद किया

चंदौली में तेल चोरी रैकेट का भंडाफोड़:पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर 1000 लीटर तेल बरामद किया

चंदौली जिले के अलीनगर इलाके में पुलिस ने तेल चोरी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार को हुई छापेमारी में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1000 लीटर से अधिक चोरी का डीजल-पेट्रोल बरामद किया गया। एडीजी पीयूष मोर्डिया द्वारा गठित कई पुलिस टीमों ने चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण, दो टैंकर और दो कारें भी जब्त की गईं। अलीनगर क्षेत्र में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो हैं। इस इलाके से अक्सर पेट्रोलियम तेल चोरी की शिकायतें मिलती रही हैं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर एडीजी पीयूष मोर्डिया तक मामला पहुंचा था। अपर पुलिस निदेशक वाराणसी के निर्देश पर सात सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया था। इंस्पेक्टर भैरव नाथ यादव के नेतृत्व में इस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। वाराणसी पुलिस टीम की छापेमारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी अनंत चंद्रशेखर और अलीनगर पुलिस टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग लंबे समय से टैंकरों से तेल चोरी के इस खेल में संलिप्त थे। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *