CG News: जगदलपुर में चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए महापौर संजय पांडेय ने विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इस निरीक्षण में नगर निगम के अधिकारी, एमआईसी सदस्य और संबंधित वार्डों के पार्षद भी शामिल रहे। महापौर ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे कामों को तय समयसीमा में पूरा करने और कार्य की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
CG News: समस्या से राहत मिलने की उम्मीद
लालबाग स्थित झीरम घाटी शहीद स्मारक परिसर पहुंचकर उन्होंने मरम्मत कार्य और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्मारक परिसर में नियमित सफाई हो और रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के मोहन नगर क्षेत्र में 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन भी किया गया। पुलिया के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा महापौर ने शहर के विभिन्न हिस्सों में शासकीय भूमि का निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति और उपयोग की जानकारी ली। वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रस्तावित “सियान सदन” हेतु चिन्हित स्थान का भी अवलोकन किया गया और संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर योजना प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
CG News: जनजागरूकता अभियान चलाने पर हुई चर्चा
मुख्य सड़कों के डिवाइडरों की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। नियमित सफाई, सौंदर्यीकरण और पौधारोपण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। दौरे के बाद एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला-सूखा कचरा अलग करने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाने की भी बात कही गई। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद आवश्यक है।


