डीएसटी (पश्चिम) और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने देवनगर के श्याम नगर में एक मकान पर दबिश दी। वहां से आरोपी गोदावास कलां हाल राजीव गांधी कॉलोनी निवासी राकेश बिश्नोई (22) को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में पुलिस ने 97 ग्राम एमडी ड्रग्स, 995 ग्राम डोडा पोस्त के साथ 631 ग्राम शुद्ध सोने की सिल्ली, 13 लाख 870 रुपए नकद, 8 मोबाइल और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस को देखते ही आरोपी राकेश भागने की तैयारी में था, मगर पुलिस ने उसे पहले ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्रवाई शुरू की। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर मादक पदार्थ, नकदी, सोना और वाहन जब्त किया है। अन्य आभूषणों को संदिग्ध मानते हुए सीज किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतापगढ़ से एमडी ड्रग्स मंगवाकर जोधपुर में बेच रहा था। सप्लाई करने वाले युवक को भी नामजद किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। एमडी के साथ 2 आरोपी पकड़े वहीं, झंवर थाना पुलिस ने 127 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों बड़ला स्थित राहड़ों की ढाणी निवासी शेखर (21) पुत्र श्रीराम बिश्नोई और अजीत नगर निवासी भगवानसिंह (25) पुत्र सगत सिंह को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई 127 ग्राम एमडी ड्रग्स की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है। आरोपियों की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। झंवर पुलिस ने एनडीपीएस में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देश पर हुई। डीसीपी (पश्चिम) विनीतकुमार बंसल ने बताया कि बुधवार देर रात गश्त के दौरान बड़ला नगर स्थित सारणों की ढाणी में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे। इनको रुकने का इशारा किया, तब वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर आरोपियों की तलाशी ली। उनसे 127 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद की। पुलिस अब सप्लाई चेन और संपकों की कड़ी खंगाल रही है।


