अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमला किया:दावा- बॉर्डर के पास 15 चौकियों पर कब्जा; PAK ने 4 दिन पहले अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमला किया:दावा- बॉर्डर के पास 15 चौकियों पर कब्जा; PAK ने 4 दिन पहले अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच फिर से तनाव बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अब तक पाकिस्तानी सेना की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। सूत्रों ने TOLOnews को बताया कि नंगरहार, नूरिस्तान, कुनार, खोस्त, पक्तिया और पक्तिका जैसे बॉर्डर इलाकों में दोनों पक्षों में संघर्ष जारी है। ये चौकियां नंगरहार के गोश्ता जिले और कुनार प्रांत में डूरंड लाइन के पास स्थित है। हालांकि अभी तक इससे जुड़े फोटो और वीडियो सामने नहीं आए हैं। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि पाकिस्तान के हवाई हमलों का सैन्य तरीके से जवाब दिया जा रहा है। दरअसल, पाकिस्तान ने कुछ दिन पहले अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का कहना था कि ये हमले पाकिस्तानी तालिबान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों पर किए गए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया था कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे ऑपरेशन किए जाएंगे। पाकिस्तान ने TTP और ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी इससे पहले रविवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान का कहना था कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट (IS) से जुड़े ठिकानों के खिलाफ की गई। पाकिस्तान के उप गृह मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया था कि सीमावर्ती इलाकों में TTP के ठिकानों पर कार्रवाई में कम से कम 70 लड़ाके मारे गए। बाद में पाकिस्तानी अखबार डॉन ने यह संख्या 80 तक पहुंचने का दावा किया था। तालिबान ने कहा था वक्त आने पर कड़ा जवाब देंगे अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की थी। तालिबान का कहना था कि हमलों में आम नागरिकों को निशाना बनाया गया। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नंगरहार में एक घर पर हमले के बाद एक ही परिवार के 23 लोग मलबे में दब गए थे। वहीं, अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान को ‘सही समय पर कड़ा जवाब’ दिया जाएगा। मंत्रालय ने इन हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया था। पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान सरकार पर दबाव बनाता रहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी संगठन को न करने दे। इस्लामाबाद का आरोप है कि TTP अफगानिस्तान से ऑपरेट हो रहे हैं, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही है। पाकिस्तानी शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट हुआ था पाकिस्तान ने सोमवार को जब अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, इससे कुछ घंटे पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में सुरक्षा काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें दो सैनिक, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल भी मारे गए। 16 फरवरी को पाकिस्तान के बाजौर में विस्फोटकों से भरी गाड़ी सुरक्षा चौकी से टकरा दी गई थी। इस हमले में 11 सैनिक और एक बच्चे की मौत हुई। अधिकारियों ने हमलावर को अफगान नागरिक बताया था। इससे पहले 6 फरवरी को इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ था। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के मुताबिक, हमले में 31 लोगों की मौत हो गई है और 169 घायल हुए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी। अक्टूबर में हिंसक झड़पों के बाद तनाव बढ़ा अक्टूबर में सीमा पर हुई झड़पों में दोनों तरफ के सैनिकों और नागरिकों की मौत के बाद से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। कतर की मध्यस्थता से 19 अक्टूबर को युद्धविराम हुआ था, लेकिन तुर्किये के इस्तांबुल में वार्ता औपचारिक समझौते तक नहीं पहुंच सकी। दरअसल, 9 अक्टूबर को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर हवाई हमले हुए थे। तालिबान का कहना था कि ये हमले पाकिस्तान ने किए थे। हालांकि पाकिस्तान ने साफ तौर पर ये नहीं कहा कि ये हमले उसने किए, लेकिन उसने तालिबान को चेतावनी दी कि वह अपनी जमीन पर TTP को पनाह न दे। दोनों देशों के बीच पहले भी हुआ है तनाव अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन को लेकर लंबे समय से विवाद है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले और आतंकियों को छिपाने का आरोप लगाते रहते हैं। 2021 में अफगानिस्तान हुकूमत पर तालिबान के कंट्रोल के बाद से तनाव और बढ़ गया है। ——————- यह खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान का दावा- अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक कर 80 लड़ाके मारे:TTP-IS को टारगेट किया, आत्मघाती हमलों का बदला लिया; अफगान बोला- 16 नागरिक मारे गए पाकिस्तान के उप गृह मंत्री तलाल चौधरी ने सोमवार को बताया कि अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर कार्रवाई की गई। उनके मुताबिक कम से कम 70 लड़ाके मारे गए। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *