गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंकिता तिवारी के रूप में हुई है। उनकी शादी लगभग एक वर्ष पहले आदित्य तिवारी से हुई थी, जो महराजगंज जनपद में शिक्षा विभाग में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात अंकिता ने परिवार के साथ भोजन किया और पहली मंजिल स्थित अपने कमरे में सोने चली गईं। मंगलवार सुबह जब वह सामान्य दिनों की तरह नीचे नहीं आईं, तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी जेठानी जब उन्हें देखने कमरे में पहुंचीं, तो दरवाजा अंदर से बंद था, लेकिन सिटकनी नहीं लगी थी। दरवाजा खोलने पर अंकिता का शव साड़ी के फंदे से छत की कुंडी से लटका मिला। घटना की सूचना पर बेलघाट पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष बेलघाट विकास नाथ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


