मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राममोहन मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों दिव्यांगों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) पर सरकारी योजनाओं में धांधली और पात्र दिव्यांगों को जानबूझकर वंचित रखने का आरोप लगाया। राममोहन मिश्रा ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि दिव्यांगों को योजनाओं की जानकारी नहीं दी जाती और कार्यालय के कर्मचारी दीपक बाबू द्वारा उन्हें परेशान किया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी को हटाकर किसी जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। दिव्यांगों ने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 28 फरवरी को कुरावली रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। उनकी प्रमुख मांगों में दिव्यांगों को मुफ्त बिजली, आयुष्मान कार्ड, दुकान आवंटन, काशीराम आवास, लाल राशन कार्ड और कोटे के अनुसार उच्च तंत्र की दुकानें आवंटित करना शामिल है।दिव्यांगों ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


