सुल्तानपुर में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। मृतका के पिता ने अपने दामाद और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना कोतवाली नगर के पंजाबी कॉलोनी की है। यहां मकान मालिक शेखू के घर में सितारा बानो अपने पति तौफीक के साथ रहती थीं। आज दोपहर बाद उनका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। तौफीक एक मेडिकल कंपनी में एमआर के पद पर कार्यरत है और किराए के मकान में रहता था। मोहल्ले वालों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। पुलिस ने मृतका के पिता इदरीस को फोन पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। इदरीस ने बताया कि करीब ढाई माह पहले तौफीक उनकी बेटी को भगाकर ले गया था। उन्होंने मोबाइल नंबर के आधार पर मामला दर्ज कराया था। इदरीस के अनुसार, अमेठी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनकी बेटी को बरामद किया था। थाने में सुलह-समझौता कराने के बाद बेटी को तौफीक के साथ भेज दिया गया था। पिता ने आरोप लगाया कि तौफीक पहले से ही दो बच्चों का बाप है और उसने बहला-फुसलाकर उनकी बेटी को अपने साथ रखा था। इदरीस ने यह भी कहा कि तौफीक के पिता, भाई और उसकी पहली पत्नी ने धमकी दी थी कि ‘जिसको चाहूं निपटा दूंगा’, और उन्होंने उनकी बेटी को ‘निपटा दिया’। मृतका अपने दो भाइयों में अकेली बहन थी। इस मामले में सीओ सिटी सौरभ सामंत ने जानकारी दी कि फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


