Ranveer Allahbadia House Tour: निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान अक्सर अपने यूट्यूब व्लॉग्स की वजह से सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक सुर्खियों में छाई रहती हैं। फिल्मों के साथ-साथ फराह हर हफ्ते अपने कुकिंग व्लॉग्स के जरिए फैंस को एंटरटेन करती रहती हैं। हाल ही में फराह ने फेमस यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के मुंबई के घर का होम टूर और कुकिंग व्लॉग शेयर किया। घर में कदम रखते ही फराह का ध्यान घर की लग्जरी डेकोर पर गया, जिसे देखकर वो इतनी इंप्रेस हो गई कि उन्होंने मजाक में कहा, “पॉडकास्ट करूं तो मैं भी एंटीलिया खरीद सकती हूं।” इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर यूट्यूबर के होम टूर के ब्लॉग तेजी से वायरल हो रहे हैं। आइए जानते हैं कि यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के मुंबई के घर में क्या-क्या लग्जरी चीजें मौजूद हैं।
घर का टूर और थीम
फराह खान ने अपने ब्लॉग में दिखाया कि यूट्यूबर के घर में एक स्पेशियस लिविंग रूम है, जो बालकनी से जुड़ा हुआ है। कमरे में ब्लू-एंड-व्हाइट सोफा सेट रखा है, टीवी के सामने, और इंडोर प्लांट्स और आर्टिस्टिक पेंटिंग्स लगी हुई हैं। बड़ी बालकनी को आरामदायक बैठने के लिए सजाया गया है, जिसमें सफेद और लाल सोफे, वुडन फ्लोरिंग और खूबसूरत वॉल हैंगिंग्स हैं। घर में ब्लू-एंड-व्हाइट थीम हर जगह दिखाई देती है। ब्लू पेंट वाली दीवारें और सफेद डाइनिंग टेबल घर को खुला और रोशन बनाती हैं। रणवीर अल्लाहबादिया के घर और थीम को देखकर फराह ने मजाक में कहा, “पहले इनके कुकिंग चैनल के टाइम पर घर छोटा था, अब पॉडकास्ट शुरू किया तो घर बड़ा हो गया। तो सोच अगर हमारा कुकिंग चैनल है तो घर थोड़ा बड़ा है, पॉडकास्ट करेंगे तो शायद एंटीलिया भी ले लेंगे।”
मॉड्यूलर किचन और वॉक-इन वॉर्डरोब
रणवीर के घर में मॉड्यूलर किचन और वॉक-इन वॉर्डरोब भी है, जिसमें उनके सारे सनग्लासेज रखे हुए हैं। उनका बेडरूम पूरी तरह व्हाइट है, जिसमें सिर्फ एक स्टडी टेबल है। रणवीर ने बताया कि यह उनका लकी हाउस है, क्योंकि इससे उनके करियर में काफी ग्रोथ हुआ है। इसके अलावा, उनका घर बॉलिवुड के फेमस एक्टर हृतिक रोशन की बिल्डिंग में ही है।
फराह खान के व्लॉग्स
जानकारी के लिए बता दें कि फराह ने 2024 में अपने कुकिंग व्लॉग्स शुरू किए, जो जल्दी ही पॉपुलर हो गए। अपने व्लॉग्स में वह अपने कुक दिलीप के साथ मस्ती करती हैं, नए रेसिपी हैक्स सीखती हैं और सेलेब्रिटीज के घर का टूर भी कराती हैं। एक व्लॉग में फराह खान ने बताया था कि उन्होंने यूट्यूब से फिल्ममेकर के काम से भी ज्यादा कमाया है।


