Diabetes Surgery : आंकड़े बता रहे हैं कि भारत में करीब 100 मिलियन से अधिक डायबिटीज मरीज हैं। प्री-डायबिटीज की संख्या 136 मिलियन के आसपास है। इस हिसाब से कहा जा सकता है कि भारत में डायबिटीज किसी महामारी की तरह फैल रहा है। ऐसे में बैरिएट्रिक सर्जरी भारतीय डायबिटीज मरीजों के लिए वरदान साबित हो सकती है। क्योंकि, डायबिटीज सर्जरी को लेकर हुए शोध में ये पता चला कि किसी भी दवाई से अधिक बेहतर है – बैरिएट्रिक सर्जरी (Bariatric Surgery)।
बैरिएट्रिक सर्जरी (Bariatric Surgery) पर शोध
“Annals of Internal Medicine” में प्रकाशित एक महत्वपूर्ण स्टडी है। जिसमें पता चला कि सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद टाइप 2 डायबिटीज के इलाज में बैरिएट्रिक सर्जरी, पारंपरिक दवाओं से बेहतर है।
गरीब डायबिटीज मरीजों के लिए वरदान
स्वास्थ्य परिणामों में लगभग 60 प्रतिशत भूमिका गैर-चिकित्सीय कारकों (सामाजिक कारकों) की होती है। गरीबी, फूड सेफ्टी और रहने के अस्थिर ठिकाने जैसे कारक अक्सर डायबिटीज के बेहतरीन इलाज को भी बेअसर करने का काम करते हैं। ऐसे में ये सर्जरी बेहतर साबित हो सकती है।

12 वर्षों तक किया गया शोध
जोसलिन डायबिटीज सेंटर (Joslin Diabetes Center) के नेतृत्व में हुए इस दीर्घकालिक अध्ययन के अनुसार, यह 12 वर्षों तक चला और इसमें 262 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। यह अपनी तरह का सबसे बड़ा और सबसे लंबा विश्लेषण है।
शोध में पाया गया कि ‘बैरिएट्रिक मेटाबॉलिक सर्जरी’, वजन घटाने और ब्लड शुगर (Glycemic Control) को नियंत्रित करने में दवाइयों और लाइफस्टाइल में बदलाव की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी है।
“सर्जरी का लाभ लंबे समय तक बरकरार”
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की प्रोफेसर डॉ. मैरी एलिजाबेथ पैटी के मुताबिक, सर्जरी का लाभ लंबे समय तक बरकरार रहता है, चाहे मरीज की सामाजिक या आर्थिक पृष्ठभूमि कैसी भी हो।
पेनिंगटन बायोमेडिकल रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. जॉन किरवान ने कहा, “यह परिणाम एक स्पष्ट संदेश देते हैं, मेटाबॉलिक सर्जरी बीमारी के रास्ते को बदल सकती है। यह साक्ष्य डॉक्टरों और मरीजों को आत्मविश्वास के साथ इलाज चुनने में मदद करेगा।”
बैरिएट्रिक सर्जरी केवल एक “कॉस्मेटिक” विकल्प नहीं
यह अध्ययन इस बात पर जोर देता है कि बैरिएट्रिक सर्जरी केवल एक “कॉस्मेटिक” विकल्प मतलब वजन घटाने के लिए नहीं है, बल्कि टाइप 2 डायबिटीज को जड़ से नियंत्रित करने का एक शक्तिशाली चिकित्सा विकल्प है।


