श्योपुर दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और फोन बरामद:मोबाइल स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश; साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

श्योपुर दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और फोन बरामद:मोबाइल स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश; साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

श्योपुर कोतवाली पुलिस ने शहर में लगातार हो रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा किया। मामले में एक बाइक स्नैचर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 हजार रुपए कीमत के दो स्नैच किए गए मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक MP31MJ0305) बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता की निगरानी में की गई। दो अलग स्थानों पर मोबाइल स्नैचिंग वारदात पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को पवन कुमार सुमन (निवासी शीतलापाड़ा) ने पुरानी सब्जी मंडी गली से मोबाइल छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रविवार को देव सविता (निवासी वार्ड 15) ने मानसिंह पैलेस, पाली रोड के पास मोबाइल स्नैचिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई। इन दोनों मामलों में कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, टीआई सत्यम सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, साइबर सेल की सहायता ली और मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर, विष्णु पांचाल (28, निवासी जैनी, हाल कमालखेड़ी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने दोनों वारदातों को स्वीकार किया। चोरी के मोबाइल 4 हजार में बेचे, दोनों गिरफ्तार विष्णु पांचाल ने बताया कि उसने चोरी किए गए मोबाइल अपने साथी राजू उर्फ राज आदिवासी (निवासी कुम्हार मोहल्ला) को 4 हजार रुपए में बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने राजू उर्फ राज आदिवासी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सत्यम सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र कंसाना, सतेन्द्र वैस, दीपेश और आरक्षक राधेश्याम शर्मा व देवेन्द्र गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुनसान स्थानों पर मोबाइल का उपयोग करते समय सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *