हापुड़। सिटी कोतवाली इलाके के फ्री गंज रोड पर शनिवार देर रात एक बारात में युवतियों से अभद्रता के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जिला बुलंदशहर से एक बारात फ्री गंज रोड पर आई थी। चढ़त के दौरान कुछ युवतियां बैंड के आगे डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवतियों से अभद्रता करने लगे। युवतियों के विरोध करने के बावजूद युवक नहीं माने। इसके बाद युवतियों ने अपने परिजनों से शिकायत की। जब दूल्हे पक्ष के परिजनों ने इन युवकों का विरोध किया, तो युवक आग बबूला हो गए और दूल्हे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद भी युवकों ने मारपीट जारी रखी। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।


