श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में बीते बुधवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से ढाई वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था। पुलिस ने मृतक के बाबा की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, इकौना थाना क्षेत्र के अंधर पुरवा निवासी किसान ओमप्रकाश का ढाई वर्षीय पुत्र सचिन अपने साथियों के साथ आंधर पुरवा स्थित अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान ईंट लादकर इकौना से भिनगा की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने आगे चल रहे खावा पोखर निवासी इसरार की मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे जाकर एक पेड़ से टकराकर रुकी, जिससे आगे होने वाला एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
मृतक के बाबा कमला प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने कुर्रन पुरवा, भगवानपुर बनकट निवासी आरोपी ट्रैक्टर चालक विजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चालक तेज और लापरवाही से न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर चला रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई। परिजनों के अनुसार, सचिन परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता ओमप्रकाश चार बीघा जमीन पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार सदमे में है। परिवार इस हादसे को भूल नहीं पा रहा।पुलिस ने आरोपी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल बाइक सवार इसरार का इलाज जारी है।


