बागपत में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार भड़ाना एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ठेकेदार दीपक कुमार ने उन पर बिल पास करने के बदले 8 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में ठेकेदार ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। ठेकेदार दीपक कुमार के अनुसार, उनके कई बिल पास नहीं किए जा रहे हैं क्योंकि उनसे भारी कमीशन की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिल पास न होने के कारण वे अपने मजदूरों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे मजदूर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। दीपक कुमार ने जिलाधिकारी अस्मिता लाल से शिकायत की, जिसके बाद जिलाधिकारी ने आरोपों की जांच ईओ भड़ाना को ही सौंप दी। इस फैसले पर ठेकेदार ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें बागपत प्रशासन से न्याय नहीं मिलता है, तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। कृष्ण कुमार भड़ाना पर पहले भी कई आरोप लग चुके हैं। इससे पूर्व किसानों ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें एक ठेकेदार को उनका रिश्तेदार बताकर 27 लाख रुपये का ठेका दिए जाने का दावा किया गया था। इसके अलावा, वेतन को लेकर उनका नगर पालिका अध्यक्ष के साथ भी विवाद सामने आया था।


