फर्रुखाबाद शहर के फतेहगढ़ स्थित आठ मोहल्लों में रविवार को पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। यह निर्णय मेंटेनेंस कार्य के कारण लिया गया है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि फतेहगढ़ जोन के कंपनी बाग में ओवरफ्लो पाइप को सप्लाई लाइन से जोड़ा जाएगा। इस कार्य के लिए पानी की टंकी से होने वाली आपूर्ति बंद रहेगी। जिन मोहल्लों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी, उनमें ग्वालटोली, नवदिया, भूसा मंडी, हाथीखाना, बरगदिया घाट रंगसजान, पुलमंडी, बजाजा और संगत दालमंडी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में लगभग 7,000 पानी के कनेक्शन हैं।अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों में पानी की अधिक दिक्कत होगी, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
शहर में अन्य स्थानों पर भी टूटी है पाइप लाइन फर्रुखाबाद नगर पालिका द्वारा पानी की सप्लाई को पाइपलाइन डाली गई है। जिससे लोगों को पानी समुचित मिल सके। लेकिन शहर में फर्रुखाबाद फतेहगढ़ मार्ग पर लेखपुर के पास पाइप लाइन टूटी है। प्रतिदिन यहां पानी सड़क पर बहता रहता है। इसके अलावा फर्रुखाबाद शहर के शिव नगर कॉलोनी, कादरी गेट पर भी पाइपलाइन टूटी हुई है।


