पानीपत जिले में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने एक साल में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब 20 से अधिक लोगों से 1 करोड़ 56 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ितों ने अब हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत भेजकर न्याय और अपनी जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है। डीजीपी के आदेशों पर केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 50 हजार के बदले 1 लाख का लालच शिकायतकर्ता मुकेश निवासी गांव नरायणा (समालखा) ने बताया कि करीब एक साल पहले सतपाल, सोनिया, संदीप, समुंद्र, जितेंद्र और विजय सिवाह नामक व्यक्तियों ने एक गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को ठगने की योजना बनाई। इन लोगों ने प्रचार किया कि यदि कोई उनकी कंपनी में 50,000 रुपए लगाता है, तो उसे महज एक साल में 1,00,000 रुपए वापस मिलेंगे। महिलाओं को फंसाने के लिए सोनिया का इस्तेमाल शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गिरोह की सदस्य सोनिया गांवों में जाकर महिलाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाती थी और उन्हें निवेश के लिए राजी करती थी। ठगों ने बड़ी चालाकी से बैंक ट्रांजैक्शन के बजाय पीड़ितों से नकद रुपए लिए। किसी ने 20 हजार तो किसी ने 5 लाख रुपए तक इस उम्मीद में लगा दिए कि उनका पैसा दोगुना हो जाएगा। करोड़ों की कोठी और लग्जरी गाड़ियां पीड़ितों का आरोप है कि उनके खून-पसीने की कमाई से आरोपी संदीप, सोनिया और सतपाल ने जाटल रोड स्थित रामनगर में करोड़ों रुपए की आलीशान कोठी बना ली है और अब लग्जरी गाड़ियों में घूम रहे हैं। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें लंबे समय तक गुमराह किया गया और अब जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पिस्तौल के दम पर धमकी: “पैसे मांगे तो मार देंगे गोली” मुकेश और विजय सहित अन्य पीड़ितों ने बताया कि आरोपी विजय सिवाह ने उन्हें सरेआम गोली मारने की धमकी दी है। आरोपियों ने साफ कहा है कि कोई भी पैसा मांगने उनके पास न आए। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे अब भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं और आरोपी उनके पैसों पर ऐश कर रहे हैं। इन लोगों के साथ हुई ठगी ठगी के शिकार होने वालों में मुख्य रूप से सोमवीर (मतलौडा), प्रदीप (शेरा), धर्मबीर (मतलौडा), अजय (कवि), रणबीर (कवि), सतबीर, लक्ष्मी, रेशमा, सावित्री (शेखपुरा), कार्तिक आचार्य, रोहताश, बजिन्द्र, राजिन्द्र (पसीना) और संदीप (बिहौली) सहित 20 से ज्यादा लोग शामिल हैं।


