सीतापुर में डबल मर्डर: युवक ने सगे भाई-भाभी को उतारा मौत के घाट

सीतापुर में डबल मर्डर: युवक ने सगे भाई-भाभी को उतारा मौत के घाट

सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर गांव में पारिवारिक विवाद में मंझले भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी की चाकू मारकर हत्या कर दी। छोटे भाई पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नैमिषारण्य लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया। घायल छोटे भाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में एम्बुलेंस खड़ी होने के बावजूद दूसरी एम्बुलेंस मंगाने को कहा गया, जिसे आने में करीब 50 मिनट लग गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम परिवार के लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान मंझले भाई श्यामू और बड़े भाई हरीश के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर श्यामू ने चाकू से हरीश पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई हरीश की पत्नी पूनम पर भी उसने वार कर दिया। छोटा भाई रामू भी बीच-बचाव में घायल हो गया।

परिजनों ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान हरीश और पूनम की मौत हो गई। रामू को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *