देश के कई राज्यों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार से राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। राजस्थान के 11 जिलों में तेज आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। एक दिन पहले 11 से ज्यादा जिलों में दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। राजधानी जयपुर के SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पानी भर गया। इससे कई ऑपरेशन टल गए। 4 जिलों में ओले भी गिरे। हरियाणा के हिसार समेत कई इलाकों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। राज्य के भिवानी और रेवाड़ी में बुधवार दोपहर को हल्की बूंदाबांदी के साथ ओले गिरे थे। मध्य प्रदेश में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर सहित कई संभागों में आज बादल छाए रहेंगे। दोपहर तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी तेज तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है। चंडीगढ़ में बुधवार को झमाझम बारिश हुई थी। वहीं उत्तराखंड के देहरादून सहित पांच पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे कई राज्यों में तापमान में गिरावट और मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। देशभर में मौसम की तस्वीरें…
राजस्थान-हरियाणा में बारिश के साथ ओले गिरे:MP-पंजाब में आज तेज आंधी के साथ बारिश के आसार; उत्तराखंड में बर्फबारी


