भोपाल में शादी समारोह में लगी भीषण आग, 50 फीट तक उठी लपटें, मेहमानों ने भागकर बचाई जान

भोपाल में शादी समारोह में लगी भीषण आग, 50 फीट तक उठी लपटें, मेहमानों ने भागकर बचाई जान

Massive Fire : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान भीषण आग लगने से मेहमानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि, हादसा गैस सिलेंडर में ब्लास्ट के चलते हुआ है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो धमाका इतना जोरदार था कि, कई किलोमीटर दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी, जबकि आग की लपटें 50 फीट ऊपर तक उठती दिखाई दीं। आग लगने के कारण होटल में अफरा-तफरी मच गई। शादी में आए मेहमान इधर-उधर भागकर खुद को सुरक्षित करते नजर आए।

बता दें कि, ये हैरान कर देने वाली घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। शहर के भौंरी क्षेत्र में स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में देर रात एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज से होटल में मौजूद सभी सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभवत: शार्ट सर्किट की वजह से कोई चिंगारी भड़की होगी, जिसने जद में रखे गैस सिलेंडर को चपेट में ले लिया, जिससे सिलेंडर में भी धमाका हो गया। राहत की बात ये है कि, हादसा भयावह था, फिर भी किसी जनहानि की खबर सामने नहीं आई। होटल संचालक का लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

तीन इलाकों से पहुंची फायर ब्रिगेड

हालांकि, आग भड़कते ही पुलिस के साथ साथ फायर अमले को सूचना दे दी गई थी और खबर लगते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरु भी कर दिया। सेति जबतक आग पर काबू पाया जा सका, तबतक काफी सामान आग की चपेट में आकर राख हो चुका था। आग बुझाने का काम रात 12 बजे तक जारी रहा। इस दौरान गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंची।

लोगों में मची अफरा-तफरी

रिसेप्शन के दौरान होटल में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। इस दौरान शादी में आए लोग खुद को सुरक्षित रखने के लिए इधर उधर भागते दिखे। गनीमत रही कि, जिस जगह आग लगी, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, जहां सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, वहां पर कुछ देर पहले गाड़ियां खड़ी थी। अगर ब्लास्ट गाड़ियों के बीच होता तो संभवत: ईंधन की चपेट में आने से वो और बड़ा रूप धारण कर सकता था।

जेसीबी की मदद से हटाया सामान

रात में ही जेसीबी की मदद से आग में नष्ट हुए सामान को हटाने का काम शुरु किया गया और आगजनी वाली जगह को ठीक किया गया। देर रात तक दमकलें मौके पर मौजूद रहीं। हालांकि, धुआं तड़के तक निकल दिखाई दिया। हालांकि, एक दमकल वाहन अब भी मौके पर तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *