Ballia News: घर पहुंचा जवान का शव, पूरे सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Ballia News: घर पहुंचा जवान का शव, पूरे सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Ballia News: बलिया जनपद के मुरलीछपरा विकास खंड अंतर्गत इब्राहिमाबाद गांव निवासी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान शंभू सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे गांव पहुंचा। जैसे ही जवान का शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पैतृक आवास पर शव रखे जाने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां और पत्नी के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा।

मिली जानकारी के अनुसार शंभू सिंह, ददन सिंह के पुत्र थे और वर्ष 2011 में सशस्त्र सीमा बल में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में थी। प्रशासन की ओर से परिजनों को बताया गया कि जवान की मौत छत से गिरने के कारण हुई है, लेकिन परिजन इस बात से संतुष्ट नहीं हैं और मौत को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि शंभू सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे और किसी भी तरह की परेशानी से जूझ नहीं रहे थे। ऐसे में अचानक छत से गिरने की बात पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों के अनुसार घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जबकि रविवार सुबह फोन के जरिए जवान के निधन की सूचना दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

शहीद जवान अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। एक पुत्र की उम्र करीब 10 वर्ष जबकि दूसरे की उम्र लगभग 8 वर्ष बताई जा रही है। जवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *