उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कसीदासपुर टिकरी मजरे भादर गांव में शनिवार शाम करीब 5 बजे एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतका की पहचान धनराज मौर्य की लगभग 19 वर्षीय पुत्री कनकलता उर्फ नन्ही देवी मौर्या के रूप में हुई है। उसने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या की। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के पिता धनराज मौर्य हृदय रोग के मरीज हैं और उनकी बाईपास सर्जरी हो चुकी है। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। मृतका की बहन की भी हालत खराब हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता और बहन की बिगड़ती हालत देखकर मृतका का बड़ा भाई भी बेहोश हो गया, और उसकी भी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली है। इस मामले में थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।


