भास्कर न्यूज | गिरिडीह राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिवहन कार्यालय परिसर में सहायता मंच के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ, जिसमें लर्निंग लाइसेंस बनवाने आए प्रशिक्षु आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान रोड सेफ्टी मैनेजर मो. वाजिद द्वारा उपस्थित अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल स्वयं के लिए, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी घातक सिद्ध हो सकती है।हिट एंड रन मामलों में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना तथा ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता, बल्कि उन्हें संरक्षण एवं सम्मान दिया जाता है।


