यूपी में ठंड का अलर्ट! इस जिले में 3 डिग्री तक लुढ़का तापमान, जनवरी में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड

यूपी में ठंड का अलर्ट! इस जिले में 3 डिग्री तक लुढ़का तापमान, जनवरी में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। नए साल की शुरुआत भी प्रदेश के कई हिस्सों में जबर्दस्त कोहरे के साथ हुई। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने से सूरज के दर्शन भी मुश्किल हो गए। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तापमान में होगी हल्की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को ठंड से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर सर्दी के तेवर तेज होने की संभावना जताई गई है।

34 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 2 जनवरी को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का असर बना रहेगा। प्रदेश के 34 जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में जीरो विजिबिलिटी तक रहने की आशंका जताई गई है।

यूपी में फिर बढ़ेगा पारा

बीते 24 घंटों में बाराबंकी उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा। वहीं गोरखपुर, हरदोई, अयोध्या, सुल्तानपुर, बरेली और शाहजहांपुर भी प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने की संभावना है और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *