आगरा के थाना किरावली क्षेत्र में बने वॉटर पार्क के पूल में नहाते समय हादसा हो गया। 8 साल का बच्चा पूल में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पूल के बाउंसर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजन शव रखकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार खेरिया मोड़ निवासी रोबिन अपनी पत्नी व 8 साल के बेटे मनित के साथ रविवार को तेवतिया वाटर पार्क में गए थे। दोपहर करीब 4 बजे सभी पूल में नहा रहे थे। पिता का कहना है कि बेटे पूल के बाहर खेल रहा था। अचानक वो गायब हो गया। काफी देर तक जब मनित दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन वो कहीं दिखाई नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने वाटर पार्क में तैनात कर्मचारियों से बेटे के बारे में पूछा। सीसीटीवी देखने को कहा। मगर, उन्होंने सीसीटीवी नही दिखाए। परिजनों का कहना है कि करीब एक घंटे बाद मनित का शव पूल में तैरता हुआ दिखाई दिया। परिजनों का हंगामा
बेटे का शव देखकर माता-पिता बेहाल हो गए। उन्होंने वाटर पार्क कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। रात को परिजन शव को लेकर खेरिया मोड़ आ गए। वहां पर शव को रखकर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों के समझाने का प्रयास किया।


