कोटपूतली जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परिसर में 77वां पुलिस स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और पुलिस बल की तत्परता व अनुशासन का निरीक्षण किया। पुलिस विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला इस अवसर पर एसपी सतवीर सिंह ने अपने संबोधन में पुलिस विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं, इसलिए उनका सम्मान और मनोबल बढ़ाना बेहद आवश्यक है। उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, हाल ही में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भी उनके योगदान के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली, एएसपी सुरेश कुमार सहित जिले के सभी सर्कल के डीएसपी, थानाप्रभारी, पुलिसकर्मी, पूर्व पुलिस अधिकारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


