पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपए बाजार कीमत की 252 ग्राम मेफोड्रोन ड्रग के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से एक बोलेरो भी जब्त की। ब्यावर एसपी रतन सिंह ने बताया- 14 अगस्त को नेशनल हाईवे-458 पर रामावास चौराहे के पास जैतारण थाना पुलिस ने नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध बोलेरो को रुकवाकर उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वाहन और दोनों की तलाशी ली। तलाशी में बोलेरो में 252 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ और बोलेरो जब्त किया। मामले में 35 साल के मीठाराम पुत्र हंजाराम निवासी चोराउ, थाना सायला, जिला जालोर और 36 साल के जबराराम पुत्र नैनाराम निवासी मेघवालों का बास, थाना सायला, जिला जालोर को गिरफ्तार किया। जैतारण सीओ रमेन्द्र सिंह हाडा ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई जैतारण थानाधिकारी धोलाराम मय पुलिस टीम ने की।


